राची, झारखण्ड | मई | 19, 2024 ::
झारखण्ड प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के उपाध्यक्ष और झारखण्ड अलग राज्य के आंदोलनकारी नेता प्रभाकर तिर्की ने रविवार को खिजरी व सिल्ली प्रखण्ड के कई पंचायतों और गांवों में सभा कर रांची लोकसभा क्षेत्र की महागठबंधन प्रत्याशी कांग्रेस यशस्विनी सहाय के पक्ष में प्रचार अभियान चलाया। सर्वप्रथम खिजरी प्रखण्ड के बाह्य पंचायत, नवागर पंचायत और कामता, कुच्चू तथा हुंडरू क्षेत्र के गांवों में जनसम्पर्क अभियान चलाया और ग्रामीणों के साथ बैठक की। इसके बाद सिल्ली प्रखण्ड के जोन्हा पंचायत में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता शामिल हुए। उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभाकर तिर्की ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के उन हक और अधिकारों को एक साजिश के तहत छीनने का प्रयास कर रही है जिसे कांग्रेस सरकार ने इस वर्ग के लोगों के सामाजिक, आर्थिक विकास के लिए ढेर सारी नीतियां और कानून बना कर दी थी। लेकिन बीजेपी संविधान में छेद करके हमारे विकास को बाधित करने की साजिश कर रही है। हमें बीजेपी के इस साजिश का मुहतोड़ जवाब आने वाले चुनाव में देना होगा। इस मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी का झंडा और पंपलेट लिए उपस्थित थे।




