राँची, 22 अगस्त 2026: शोतोकान कराटे-डो फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई ) के तत्वावधान में दो दिवसीय एसकेएफआई झारखंड स्टेट कराटे चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ हनुमान बक्स पोद्दार सत्संग भवन, श्री रानी सती मंदिर परिसर, रातू रोड, राँची में हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री रमेश भाई, सचिव, श्री अरविंदो सोसाइटी, हेसल ने किया। विशेष अतिथि श्री शेतांक सेन, श्री राम चटर्जी तथा एसकेएफआई के चीफ टेक्निकल डायरेक्टर हंसी मानस सिन्हा उपस्थित रहे।
पहले दिन 12 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने काता और कुमिते स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपने तकनीकी कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों में दमखम दिखाया।
समाचार लिखे जाने तक स्वर्ण पदक विजेताओं में पंखुरी थापा, शांभवी अग्रवाल, सुरभि कुमारी, काशवी मेहता, रितिका सिंह, लक्ष्य कुमार सिंह, प्रत्यूष सिंह, सिद्धार्थ माइकल, हर्ष मुंडा सी, अरमान चौधरी, पीयूष गोप सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। वहीं अनुष्का प्रिया, अनिका श्री, दृशा प्रधान, निधि कुमारी केशरी, अंकित कुमार, ओजस कुमार, निखिल, साकेत कुमार सहित खिलाड़ियों ने रजत पदक हासिल किया। कांस्य पदक के लिए भी कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में एसकेएफआई के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं तकनीकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में अभिभावक एवं कराटे प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन 23 अगस्त को 6 से 11 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों की विभिन्न स्पर्धाएँ आयोजित की जाएंगी।



