Breaking News Latest News झारखण्ड लाइफस्टाइल

माहेश्वरी महिला समिति ने छात्र-छात्राओं के बीच किया छाता वितरण

राची, झारखण्ड | जुलाई | 17, 2023 :: शहर की सामाजिक संस्था माहेश्वरी महिला समिति के सौजन्य से सोमवार को हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित एचआई-67 परिसर में जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच छाता का वितरण किया गया।
इस अवसर पर माहेश्वरी महिला समिति की अध्यक्ष भारती चितलांगिया ने कहा कि समाज सेवा के कार्यों से सुखद अनुभूति होती है। पीड़ितों एवं जरूरतमंदों की सेवा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। इस दिशा में समाजसेवियों और सभी सामाजिक संगठनों को बढ़-चढ़कर सहभागिता निभानी चाहिए।
विदित हो कि हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित एचआई-67 में विगत लगभग छह वर्षों से भारतीय सेना से सेवानिवृत्त ललन कुमार मिश्र आसपास के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा देते आ रहे हैं। इस संबंध में ललन कुमार ने बताया कि स्कूलों में पढ़ने वाले कमजोर तबके के प्रतिभावान बच्चों की प्रतिभा निखारने की दिशा में यह एक छोटा सा प्रयास है। स्कूली बच्चों को शिक्षा के प्रति उत्साहित करने हेतु प्रतिदिन लगभग दो घंटे कोचिंग के रूप में उनका मार्गदर्शन किया जाता है।
बरसात के समय में बच्चों को अपने घरों से यहां तक आने में हो रही परेशानियों के मद्देनजर माहेश्वरी महिला समिति की ओर से छात्र-छात्राओं को छाता प्रदान किया गया। इसके लिए उन्होंने माहेश्वरी महिला समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर *माहेश्वरी महिला समिति की निवर्तमान अध्यक्ष विजयश्री साबू, सचिव बिमला फलोर , उपाध्यक्ष वंदना मारू एवं अनिता साबू,रश्मि मालपानी, रेखा कल्याणी उपस्थित थे।

Leave a Reply