Breaking News Latest News झारखण्ड बिज़नेस

गिरिडीह विधायक के साथ चैंबर की वार्ता

राची, झारखण्ड | अक्टूबर | 06, 2023 ::

चैंबर अध्यक्ष के आमंत्रण पर आज गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार ने गिरिडीह जिला चैंबर के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला और फेडरेशन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के साथ चैंबर भवन में आकर झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों संग बैठक की। कृषि शुल्क को शिथिल कराने में मिले सहयोग के लिए चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने माननीय विधायक के प्रति आभार जताया और झारखण्डवासियों की चिंताओं के समाधान के लिए जल्द से जल्द राज्य में भवन नियमितीकरण योजना को प्रभावी कराने में सहयोग का आग्रह किया। चैंबर अध्यक्ष ने खासमहल से प्रभावित जिलों की समस्या पर भी चिंता जताई और कहा कि राज्य के चहुमुखी विकास के लिए खासमहल भूमि को फ्रीहोल्ड करना बेहद जरूरी है। राज्य में विकास कार्यों को गति मिलने पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में हम सरकार के साथ हैं।

लगातार दूसरे वर्ष चैंबर का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर माननीय विधायक सुदिव्य कुमार ने चैंबर अध्यक्ष को बधाई दी और स्टेकहोल्डर्स की समस्याओं के साथ ही जनहित से जुडे मुद्दों पर सकारात्मक प्रयास के लिए उन्होंने झारखण्ड चैंबर के प्रयासों की सराहना की। यह कहा कि चैंबर ने जिस तरह अपनी संस्था का राज्यस्तरीय विस्तार किया है, यह सबसे आदर्श स्थिति है और यह राज्य के भविष्य के लिए बेहतर है। उन्होंने कहा कि संस्था का स्वरूप निरपेक्ष होना ही चाहिए। इससे लोगों की बीच संस्था की स्वीकार्यता और बढ़ेगी। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में जल्द ही भवन नियमितीकरण योजना प्रभावी की जायेगी। प्रदेशवासियों की चिंता के समाधान के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी बिल्कुल सजग हैं। पूर्व की नीतियों में इतना अधिक शुल्क रखा गया था जिसे साधारण लोग देने में सक्षम नहीं थे। खासमहल की समस्या पर भी उन्होंने जल्द रेवेन्यू सचिव से वार्ता की बात कही। यह भरोसा दिलाया कि इस वर्ष के अंत तक कोई स्पष्ट नीति जरूर लाई जायेगी।

माननीय विधायक के उद्बोधन की सराहना करते हुए चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि भवन नियमितीकरण योजना के प्रभावी होने पर झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा पूरे प्रदेश में इस बात को पहुंचाया जायेगा। बाजार समिति की दुकानों के किराये में अप्रत्याशित वृद्धि किये जाने पर रांची चैंबर पंडरा के अध्यक्ष संजय महुरी, सचिव दीपक पोद्दार और कोषाध्यक्ष किशन साबू ने चिंता जताते हुए इसमें सहयोग का आग्रह किया। बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, राहुल साबू, सचिव परेश गट्टानी, सह सचिव शैलेष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ज्योति कुमारी, कार्यकारिणी सदस्य विकास विजयवर्गीय, सदस्य सुबोध जयसवाल, महेंद्र जैन, शशांक भारद्वाज, रमेश साहू, धीरज ग्रोवर, मृणाल मिश्रा समेत अन्य कई सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply