राची, झारखण्ड | जून | 14, 2023 ::
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर लालपुर स्थित निंबस बी.पी.ओ. में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर के द्वारा सदर अस्पताल रांची ब्लड बैंक के लिए लगभग 65 इकाई रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपमहापौर रांची, अजय नाथ शाहदेव ने स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने सभी से स्वैच्छिक रक्तदान करने के संकल्प का अनुरोध किया।
हमें इस महान कार्य हेतु दूसरों को भी प्रेरित कर समाज में रक्तदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने में अहम योगदान देना चाहिए।
निंबस बी.पी.ओ. के संस्थापक नितेश नागपाल और संदीप कुमार प्रसाद ने कहा की हमारा संस्थान रक्तदान शिविर के साथ साथ अन्य सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी है।
हम अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति संकल्पबद्ध हैं।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अतुल गेरा और श्रीमती पूनम आनंद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सी.ओ.ओ मुकेश मिश्रा, एच. आर प्रमुख रमन आनंद एवं सभी कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।