राची, झारखण्ड | जून | 06, 2025 ::
रांची। राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के निर्देशन में झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों के पांच गांवों को समग्र कृषि विकास हेतु बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, रांची द्वारा अंगीकृत किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा इन गांवों का आधार रेखा सर्वेक्षण तथा इसके आधार पर कार्य योजना तैयार कर सरकार को समर्पित किया जाएगा।
इसी क्रम में शुक्रवार 6 जून को रांची जिला के चान्हो प्रखंड के सिलगाई गांव में बीएयू के कुलपति डॉ एससी दुबे के नेतृत्व में वैज्ञानिकों के एक दल ने अनेक प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में शहीद वीर बुधु भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा प्रतिमा स्थल के प्रांगण में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर आधुनिक कृषि तकनीकों तथा सरकार के विकास योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किसान-वैज्ञानिक इंटरफेस का भी आयोजन किया गया जिसमें करीब 100 किसानों ने भाग लिया। अपने संबोधन में कुलपति डॉ दुबे ने कहा कि सिलगाई गांव झारखंड का ऐतिहासिक गांव है जो शहीद वीर बुधु भगत के आदर्श पर चलता आ रहा है। विश्वविद्यालय इस गांव के समग्र विकास हेतु व्यापक अध्ययन कराएगा तथा इस आधार पर एक तीन वर्षीय योजना तैयार कर सरकार को समर्पित करेगा। वैज्ञानिक दल में प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ रेखा सिन्हा, कृषि प्रसार शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ बीके झा, सस्य वैज्ञानिक डॉ अशोक कुमार सिंह, उद्यान वैज्ञानिक डॉ एस सेन गुप्ता तथा आनुवंशिकी एवं पौधा प्रजनन के वैज्ञानिक डॉ अरुण कुमार उपस्थित थे। इंटरफेस कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों के दल द्वारा पीआरए एक्सरसाइज के माध्यम से किसानों के संसाधनों एवं समस्याओं तथा अपेक्षाओं का आकलन किया गया। ग्रामीणों की ओर से सिलागाई गांव की मुखिया गुड़िया कुमारी उरांव, शिवपूजन भगत, मोरहा उरांव आदि ने भाग लिया। विद्यार्थी दल का नेतृत्व सहायक प्राध्यापक डॉ नीतू कुमारी ने किया। विद्यार्थी दल में प्रिया पल्लवी, आस्था सिन्हा, श्वेता कुमारी, अनूप कुमार, अलका कुमारी एवं सिद्धार्थ कुमार शामिल थे।