Breaking News Latest News झारखण्ड

राज्य स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ मे रांची की आयशा फातिमा प्रथम

राची, झारखण्ड  | मार्च |  28, 2025 ::

नेहरू युवा केंद्र संगठन, झारखंड युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से आयोजित राज्य स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ का द्वितीय एवं समापन दिवस आज पूर्व विधानसभा भवन, धुर्वा, रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य युवा आयोग के सदस्य विशाल तिर्की उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और युवाओं द्वारा प्रस्तुत विचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे मंच उनके विचारों को आकार देने में सहायक सिद्ध होते हैं। इसके अतिरिक्त झारखंड नेहरू युवा केंद्र संगठन झारखंड राज्य की राज्य निदेशक ललिता कुमारी राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ कमल किशोर तथा शिक्षाविद कमल बोस भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

* प्रतिभागियों की प्रस्तुतियाँ और परिणाम

दूसरे दिन कुल 49 प्रतिभागियों ने निर्धारित विषयों पर 3 मिनट तक अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान प्रतिभागियों ने निम्नलिखित दो विषयों में से एक पर अपने विचार व्यक्त किए:

1. “75 वर्ष का भारतीय संविधान: अधिकार, कर्तव्य और प्रगति की यात्रा”

2. “संविधान दिवस के 11 संकल्प: संवैधानिक मूल्यों को सशक्त करने की प्रतिबद्धता”

कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में पाँच सदस्यीय पैनल शामिल था, जिनके सदस्य निम्नलिखित थे:

1. बिमलानंद मिश्रा, संयुक्त सचिव, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार
2. अनिल कुमार सिंह, पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी
3. कुमार आदितेंद्र शाहदेव, प्रधानाचार्य, मांडर कॉलेज
4. मृणाल पाठक, सहायक प्राध्यापक, बीआईटी मेसरा
5. गौरव अग्रवाल, शोधार्थी एवं यूथ आइकॉन

* पुरस्कार विजेता
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर विजेताओं की सूची निम्नलिखित है:

प्रथम स्थान: रांची की आयशा फातिमा
द्वितीय स्थान: गिरिडीह की श्वेता कुमारी
तृतीय स्थान: धनबाद की रिया गुप्ता

गौरतलब है कि शीर्ष तीनों विजेता महिला प्रतिभागी रही हैं।
समापन समारोह के उपरांत सभी प्रतिभागी तथा विजेताओं को प्रमाण पत्र, मेडल तथा स्मृति चिन्ह के देकर सम्मानित किया गया।
राज्य निदेशक ललिता कुमारी ने विजेताओं को बधाई दी और बताया कि इन तीनों विजेताओं का चयन राष्ट्रीय स्तर के ‘विकसित भारत युवा संसद’ के लिए किया गया है, जो 1 एवं 2 अप्रैल 2025 को संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

* कार्यक्रम की मुख्य झलकियाँ

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में झारखंड के 10 नोडल जिलों (रांची, चाईबासा, सरायकेला, देवघर, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, खूंटी, दुमका एवं पलामू) से चयनित 93 प्रतिभागियों ने भाग लिया। दूसरे दिन पलामू, हजारीबाग, रांची, खूंटी, बोकारो एवं सरायकेला जिलों के शेष 49 प्रतिभागियों में से अधिकांश ने अपनी प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में धनबाद के जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, बोकारो के गौरव कुमार, सिमडेगा के रोशन कुमार, और लातेहार की कंचन कुमारी सहित विभिन्न जिलों के जिला युवा अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम को सफल बनाने में नेहरू युवा केंद्र संगठन रांची कार्यालय के सहायक अनुभाग अधिकारी शुभम शर्मा, विकास आहूजा आदि का भी प्रमुख योगदान रहा।

* आयोजन समिति का सम्मान

कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत आयोजन समिति के सभी सदस्यों को सम्मानित किया गया। राज्य कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो पाया। सहायक अनुभाग अधिकारी शुभम शर्मा, विकास कुमार और चार्ल्स बोधरा की विशेष भूमिका रही।

 

Leave a Reply