Breaking News Latest News ख़बरें जरा हटके झारखण्ड

रांची में मतदाता पंजीकरण पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

रांची, 2 सितंबर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखंड एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के सहयोग से “Voter Registration and Voter Registers 2026” अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ NUSRL, रांची में हुआ। भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अरविंद आनंद मुख्य अतिथि रहे। सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार सहित शिक्षाविद्, शोधकर्ता और निर्वाचन विशेषज्ञ शामिल हुए।

के. रवि कुमार ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची प्रबंधन पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आधार पर व्यापक विमर्श करना है। सम्मेलन के लिए 800 से अधिक संस्थानों से संपर्क किया गया, जिनसे प्राप्त 230 सार में से 58 शोध-पत्र चयनित किए गए हैं। उन्होंने शुद्ध, समावेशी और पारदर्शी मतदाता सूची सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

NUSRL के कुलपति प्रो. अशोक आर. पाटिल ने मतदाता सूची को लोकतांत्रिक सहभागिता का प्रवेश द्वार बताया। वहीं सेंट जेवियर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर ने युवा, महिला और प्रवासी मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

पहले दिन पैनल चर्चा के अलावा छह तकनीकी सत्र आयोजित हुए, जिनमें नागरिकता, वैश्विक मतदाता पंजीकरण प्रणालियां, सोशल मीडिया, तकनीक, लैंगिक समानता, प्रवासन और निर्वाचन समावेशन जैसे विषयों पर शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए। सम्मेलन में कई देशों की निर्वाचन व्यवस्थाओं और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं पर भी चर्चा हुई।

 

Leave a Reply