राची, झारखण्ड | जून | 02, 2025 ::
संत जेवियर्स कॉलेज, रांची के प्राणीशास्त्र विभाग ने 2 जून, 2025 को एक माह का इंटर्नशिप कार्यक्रम प्रारंभ किया। कॉलेज प्रशासन और जन्तु विभागाध्यक्ष डॉ. भारती सिंह रायपत के निरंतर प्रोत्साहन और सहयोग से कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कैप्टन प्रिया श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। इसका उद्देश्य छात्रों को प्राकृतिक विज्ञान, सूक्ष्मजीवविज्ञान और नैनोप्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में व्यवहारिक अनुभव प्रदान करना है। यह कार्यक्रम 1 जून से 1 जुलाई 2025 तक चलेगा और रांची के विभिन्न कॉलेजों के कुल 32 इंटर्न इसमें पंजीकृत हैं।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज प्रशासन एवं प्रख्यात संकाय सदस्यों की उपस्थिति में हुआ, जिनमें उप प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिन्ज, विभागाध्यक्ष डॉ. भारती सिंह रायपत, डॉ. एन. वेंकट अप्पा राव, डॉ. रितेश कुमार शुक्ला, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कैप्टन प्रिया श्रीवास्तव शामिल थे। योगदा सत्संग कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. अंकित कुमार ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कोर्स समन्वयक डॉ. मनोज कुमार, डॉ. राकेश रंजन, सुश्री मौली चक्रवर्ती और सुश्री वंशिका लोहिया (जन्तु विभाग) तथा सुश्री स्वर्णिमा झा (वनस्पति विज्ञान विभाग, सेंट जेवियर्स कॉलेज) भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।
फादर अजय ने इंटर्न्स को संबोधित करते हुए अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए और इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रेरित किया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कार्यक्रम हुआ।
डॉ. एन. वेंकट अप्पा राव एवं सेंट जेवियर्स कॉलेज के रेजिस्ट्रार फादर प्रभात सोरेंग ने भी अपने प्रेरणादायक शब्दों से इंटर्न्स का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन सुश्री मौली द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




