राची, झारखण्ड | मार्च | 13, 2025 ::
कोकर स्थित इंद्रप्रस्थ बैंक्वेट हॉल में निवर्तमान उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय की संस्था ‘आगाज’ द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियां, राजनेता, व्यापारी, एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सी.पी. सिंह ,पद्मश्री मुकुंद नायक ,समेत नगर निगम क्षेत्र के वार्ड पार्षद, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एवं विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। बड़ी संख्या में मौजूद मातृशक्ति एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और लजीज व्यंजनों का आनंद उठाकर होली मिलन का उल्लास मनाया।
कार्यक्रम में विख्यात कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण की मनोरम झांकियों की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने इस भव्य आयोजन का आनंद लिया और एकता व सौहार्द का संदेश दिया।
संजीव विजयवर्गीय ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ‘आगाज’ संस्था समाज में प्रेम और सद्भावना को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन करती रहेगी।




