गुरु नानक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चार दिवसीय ईस्ट जोन योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ईस्ट जोन के 40 विद्यालय के लगभग 300 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं । इसका शुभारंभ प्रतिभागियों के परेड के साथ हुआ। उसके पश्चात खिलाड़ियों को शपथ ग्रहण करवाया गया। विद्यालय परंपरा के अनुसार शबद गायन तथा अरदास हुई । उपस्थित अतिथियों के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव सरदार परमजीत सिंह ‘टिंकू’ ने अतिथियों का स्वागत किया तथा मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार कुलतार सिंह सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष सरदार करनल विजय सिंह, भारत योग फेडरेशन के सचिव संजय झा, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पर्यवेक्षक, शुभम् कुमार तथा प्रोवीर पारूई को सम्मानित किया। इसके बाद विद्यालय की प्राचार्या डॉ. कैप्टन सुमित कौर ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को शुभाशीष देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया, साथ ही योग फेडरेशन के निर्णायक मंडल के सभी सदस्यों का हार्दिक अभिनंदन किया ।गुरु नानक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। तत्पश्चात ईस्ट जो़न योगासना प्रतियोगिता के आरंभ होने की घोषणा की गई।




