लोहरदगा। झारखण्ड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सह दर्जा प्राप्त मंत्री शमशेर आलम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में सभी संबंधित विभागों की समीक्षा की गई। सर्वप्रथम समेकित जनजाति विकास अभिकरण अंतर्गत एमएसडीपी में ली गई योजनाओं, साईकिल वितरण, वनाधिकार पट्टा, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति योजना, अल्पसंख्यक छात्रावास, चिकित्सीय अनुदान, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना आदि में अल्पसंख्यक समुदाय को दिये गये लाभ की जानकारी ली गई और आवश्यक निदेश परियोजना निदेशक, आइटीडीए, लोहरदगा को दिये गये। आपूर्ति विभाग अंतर्गत राशन कार्डधारियों की संख्या व उसके अंतर्गत अल्पसंख्यकों को वितरण किये गये राशन कार्ड, सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना में दिये गये लाभ की जानकारी दी गई। समाज कल्याण विभाग अंतर्गत जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा जिला में कुल आंगनवाड़ी केंद्र व अल्पंसख्यक बहुल क्षेत्र में अवस्थित आंगनवाड़ी केंद्रों की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि बच्चों को समय पर सूखा राशन और पका हुआ भोजन सही समय पर दिया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से सहायक निदेशक द्वारा सभी तरह के पेंशनधारकों की संख्या का विवरण दिया गया। ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत वर्ष 2016-22 तक स्वीकृत व पूर्ण हो चुके प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी गई। अबुआ आवास योजना के प्रगति की समीक्षा की गई। मनरेगा अंतर्गत मनरेगा परियोजना पदाधिकारी द्वारा मनरेगा योजनाओं के प्रगति की जानकारी दी गई। जेएसएलपीएस अंतर्गत एनआरएलएल योजना अंतर्गत गठित कुल स्वयं सहायता समूहों की संख्या और कुल अल्पसंख्यक समूहों की जानकारी दी गई। इस दौरान पलाश मार्ट के प्रगति की समीक्षा की गई। शिक्षा विभाग अंतर्गत सहायता प्राप्त अल्पसंख्यक विद्यालय, उर्दू विषय में रिक्त शिक्षक के पदों की संख्या, उसमें पढ़ने वाले अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं की संख्या, मध्याह्न भोजन योजना अंतर्गत आच्छादित मदरसों की संख्या, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में पढ़ने वाले अल्पसंख्यक छात्राओं की संख्या समेत अन्य बिंदुओं की समीक्षा की गई। पुलिस विभाग अंतर्गत उग्रवाद हिंसा में मारे गये अल्पसंख्यों की संख्या, उनके आश्रितों को दी जानेवाली मुआवजा राशि की स्थिति, आश्रितों को नौकरी, दंगा पीड़ितों के भुगतान की स्थिति की जानकारी एसडीपीओ द्वारा दी गई। यहां पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी अभियंता द्वारा दी गई। सिविल सर्जन द्वारा जिला में कुल स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र, चिकित्सकों की उपलब्धता, विभिन्न रोगों के रोगियों की स्थिति आदि की जानकारी दी गई। इसमें शहर के अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र में एक अटल क्लिनिक की शुरूआत किये जाने का निदेश आयोग के उपाध्यक्ष द्वारा सिविल सर्जन, लोहरदगा को दिया गया। इस बीच नगर परिषद प्रशासक द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों व लाभान्वित अल्पसंख्यकों की जानकारी दी गई। बगडू-कुटमू पथ में बन चुके बड़े आकार का गड्ढा को ठीक कराने और इमली चौक के पास तीन तरह से आनेवाले पथों में बैरिकेटिंग, स्पीडब्रेकर लगाये जाने का निदेश दिया गया। साथ ही अर्द्धनिर्मित प्रधानमंत्री आवासों के लाभुकों के भुगतान के स्थिति की समीक्षा की गई। सहकारिता विभाग द्वारा बीज वितरण के स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही बुनकर सहयोग समितियों की संख्या, सक्रिय बुनकर समितियां और निष्क्रिय बुनकर समितियों के स्थिति की समीक्षा की गई। यहां पर मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य बीज व अन्य योजनाओं में अल्पंसयख्यकों के लाभुकों के स्थिति की समीक्षा की गई। कृषि विभाग को धान का बीज ससमय वितरण करा लिये जाने का निदेश दिया गया। बैठक में खनन विभा, उर्जा, कारा विभाग, परिवहन विभाग, उद्योग विभाग, पंचायती राज विभाग, भू-अर्जन विभाग, गव्य विकास विभाग, पशुपालन विभाग, खेल विभाग, जिला योजना विभाग, लघु सिंचाई, एनआरईपी, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य विशेष प्रमण्डल आदि विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक निदेश पदाधिकारियों को दिये गये। कारा अधीक्षक को लोहरदगा कारा में उर्दू, कुडुख, संताली आदि भाषाओं की भी पुस्तकें कैदियों के लिए संधारित किये जाने का निदेश दिया गया।
झारखण्ड राज्य आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम ने कहा कि लोहरदगा जिला में जो भी योजनाएं, चाहे व केंद्र प्रायोजित हो या राज्य सरकार प्रायोजित, सभी क्षेत्र में अल्पंसख्यकों के उत्थान के लिए बेहतर दिशा में कार्य किया जा रहा है। यहां विधि-व्यवस्था में भी बेहतर कार्य किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन बेहतर तरीके से कार्य कर रही है। जिला प्रशासन की पूरी टीम एक सु-व्यवस्थित तरीके से कार्य कर रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण निदेश दिये गये हैं। बैठक में झारखण्ड अल्पसंख्यक आयोग की ओर से माननीय सदस्य वारिस कुरैशी, जिला के उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा सोरेंग, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।




