Latest News कैंपस झारखण्ड राष्ट्रीय

युवा शक्ति का इस्तेमाल कर भारत को फिर से विश्व गुरु बनाया जा सकता है : रघुवर दास ( मुख्यमंत्री, झारखण्ड )

राँची , झारखण्ड । फरवरी | 20, 2018 :: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि हमारा देश दुनिया का सबसे युवा देश है। हमारे देश की आबादी की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम उम्र के युवाओं की है। युवा हमारे लिए धन है। युवा शक्ति का इस्तेमाल कर भारत का फिर से विश्व गुरु बनाया जा सकता है। उक्त बातें उन्होंने 33वें अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय युवा महोत्सव यूनिफेस्ट 2018 पलास के समापन समारोह में कहीं। उन्होंने कहा कि देश को बढ़ाने के लिए इससे बड़ी पूंजी नहीं हो सकती है, जो आज हमारे पास है। देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने युवा की शक्ति को पहचाना और उन्हें डिग्री के साथ हुनर देने की पहल की। स्कील्ड लोगों की मांग आज पूरी दुनिया में है। युवा अगर हुनरमंद हो जाये, तो पूरी दुनिया में अपना परचम लहरा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा सपने जरूर देखें। अपने सपने राष्ट्र को जोड़ते हुए देखें। मैंने भी राष्ट्र के निर्माण के लिए सपने देखे। टाटा कंपनी में मजदूरी करते हुए मैंने पहले बाबू बनने का सपना देखा था। मैंने फिर अपने सपने को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा। ईश्वर की कृपा से मुझे राज्य का मुख्य सेवक बनाने का दायित्व मिल गया।

श्री रघुवर दास ने कहा कि हमें भारत को फिर से विश्वगुरु बनाना है। हमारी संस्कृति की जड़ें काफी मजबूत हैं। 600 वर्ष की गुलामी के बाद भी हमारी संस्कृति को कोई नहीं मिटा सका। इसी संस्कृति के माध्यम से हम दुनिया के पथ प्रदर्शक बन सकते हैं। हमारे देश के कण-कण में कला है। यह व्यक्तित्व निर्माण में काफी अहम योगदान देती है। पलाश जैसे आयोजनों से युवा अपनी प्रतिभा निखार पाते हैं। झारखंड आये देश भर के विश्वविद्यालय के युवा यहां से कुछ सीख कर जायेंगे। इसी प्रकार इनसे हमारे राज्य के युवाओं ने भी काफी कुछ सीखा होगा। संस्कृतियों के आदान प्रदान से एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण का रास्ता आसान हो जायेगा। झारखंड भी नृत्य-संगीत और गीत से पहचाना जाता है। हमारे यहां काफी प्रतिभा है। ऐसे आयोजनों से इन प्रतिभाओं को भी अपना हुनर दिखाने के लिए राष्ट्रीय मंच मिला। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिता में विजय हुए प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी, विधायक डॉ जीतू चरण राम, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति आर. के. पांडेय, उच्च शिक्षा निदेशक अबु इमरान समेत बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

Leave a Reply