राची, झारखण्ड | दिसम्बर | 13, 2024 ::
रांची रेलमंडल के डीआरयूसीसी की बैठक डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा की अध्यक्षता में डीआरएम कार्यालय में हुई। झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के डीआरयूसीसी प्रतिनिधि संजय अखौरी ने बैठक में मुख्य रूप से शामिल होकर, यात्री रेल सुविधा में बढोत्तरी से जुडे अपने सुझाव दिये। सुझाव में मुख्यतः रांची से लखनउ वाया अयोध्या सीधी ट्रेन का परिचालन करने, रांची आनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर तक, रांची से गढवा रोड तक फास्ट मेमू का परिचालन करने, धनबाद रांची पैसेंजर का चंदु्रपुरा के बाद मार्ग परिवर्तन कर मेसरा तक परिचालित करने, पुरूलिया विल्लुपुरम का विस्तार रांची तक, रांची बनारस वंदे भारत का समय परिवर्तन करने, हटिया सांकी एक्सप्रेस का विस्तार हजारीबाग टाउन तक करने, रांची कामाख्यां को सप्ताह में दो दिन परिचालित करने, रांची नई दिल्ली राजधानी का परिचालन सप्ताह में तीन दिन वाया बरकाकाना करने, आनंद विहार टर्मिनल (बोकारो) का मार्ग परिवर्तन कर रामगढ (बरकाकाना) होते हुए करने, हटिया दुर्ग स्पेशल का परिचालन सामान्य करने, फ्लैक्सी फेयर प्रणाली की नये सिरे से समीक्षा करने की बात कही गई। चैंबर द्वारा यह भी सुझाया गया कि कैब बुकिंग की भांति स्टेशन पर आईआरसीटीसी के माध्यम से कुली के बुकिंग की सुविधा विकसित कराई जाय। इससे रोजगार के नये विकल्प का भी सृजन होगा और यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। चैंबर के इस सुझाव की सराहना करते हुए, विचार का आश्वासन दिया गया।
चैंबर की मांग पर नये वर्ष में रांची से अयोध्या के लिए सीधी ट्रेन चलाने, जयपुर की चल रही स्पेशल ट्रेन का परिचालन सामान्य तौर पर करने के साथ ही यात्री सुविधा से जुडे सुझाव पर सकारात्मक विचार के लिए आश्वस्त किया गया। चैंबर के आग्रह पर यह भी अवगत कराया गया कि आगामी 15 दिनों में गुमला में बंद पडे टिकट काउंटर को खोल दिया जायेगा।
बैठक में चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी, डीआरएम के अलावा सीनियर डीसीएम निशांत कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजू तिर्की, साकेत कुमार, श्रेया सिंह, बलराम प्रसाद साहू, अन्य अधिकारी समेत डीआरयूसीसी के अन्य कई सदस्य उपस्थित थे।




