राची, झारखण्ड | मई | 23, 2025 ::
यूनिसेफ और नवभारत जागृति केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आज रांची में “परिवर्तन की आवाज़ें – झारखंड के बाल पत्रकार” शिखर सम्मेलन का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर के मुख्य अतिथि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक शशि रंजन रहे, जिन्होंने बच्चों के अधिकारों को मंच देने की इस पहल की सराहना की।
सम्मेलन में रांची और पश्चिम सिंहभूम ज़िले के 10 प्रखंडों से आए 169 बाल पत्रकारों ने अपनी अभिव्यक्ति की प्रतिभा से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने गीतों, कविताओं, नुक्कड़ नाटकों और प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से बाल अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को आत्मविश्वास के साथ उजागर किया। उनकी रचनात्मकता, सामाजिक चेतना और उत्साह उल्लेखनीय और प्रेरणास्पद थी।
इस आयोजन में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, यूनिसेफ तथा दोनों ज़िलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बाल पत्रकारों को “परिवर्तन निर्माता” और “यात्रा वृत्तांतकार” जैसे सम्मानित उपाधियों से नवाज़ा गया। इसके साथ ही, कार्यक्रम को भविष्य में और अधिक संस्थागत रूप देने तथा बाल पत्रकारिता को स्थायी मंच प्रदान करने को लेकर विस्तृत चर्चा और सुझाव भी सामने आए।
यह सम्मेलन न केवल बच्चों की आवाज़ को सशक्त बनाने का माध्यम बना, बल्कि शिक्षा और सामाजिक बदलाव की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी सिद्ध हुआ।




