राची, झारखण्ड | जुलाई 22, 2024 ::
वोकेशनल टीचर एसोसिएशन ने रांची विश्वविद्यालय द्वारा वोकेशनल शिक्षकों के मानदेय में की गई बढ़ोतरी का जोरदार स्वागत किया है। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से वोकेशनल शिक्षकों को कम मानदेय के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों की इस परेशानी को समझते हुए मानदेय में बढ़ोतरी का निर्णय लिया, जिसके लिए वोकेशनल के सभी शिक्षकों की तरफ से रांची विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया है।
वोकेशनल टीचर एसोसिएशन, झारखंड के अध्यक्ष, डॉ अटल पाण्डेय,
ने कहा, “यह निर्णय हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण और स्वागत योग्य है। लंबे समय से हम मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। इससे शिक्षकों को आर्थिक स्थिरता मिलेगी और वे अपने परिवारों का भरण-पोषण बेहतर तरीके से कर सकेंगे।”
एसोसिएशन ने प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों से भी आग्रह किया है कि वे अपने वोकेशनल शिक्षकों के मानदेय में सुधार करें। उन्होंने कहा, “प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों में भी सभी शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने की व्यवस्था अविलंब होनी चाहिए। शिक्षकों का सम्मान और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि वे पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।”
शिक्षकों का कहना है कि मानदेय में वृद्धि से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा बल्कि इससे शिक्षा की गुणवत्ता में भी वृद्धि होगी। जब शिक्षक आर्थिक चिंताओं से मुक्त होकर पूरी तरह से अपने शिक्षण कार्य में समर्पित होंगे, तो छात्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।
एसोसिएशन ने अंत में कहा कि वे इस सकारात्मक कदम के लिए रांची विश्वविद्यालय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं और आशा करते हैं कि अन्य विश्वविद्यालय भी जल्द ही इस दिशा में कदम उठाएंगे।




