◆ चेक गणराज्य के साथ झारखंड के दीर्घ स्थायी व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंध रहेंगे : रघुवर दास [ मुख्यमंत्री, झारखण्ड ]
◆ झारखंड संभावनाओं से पूर्ण राज्य है
◆ झारखंड पैवेलियन में उमड़ी विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की भीड़
बर्नो, चेक गणराज्य । अक्टूबर | 09, 2017 :: चेक गणराज्य के साथ दीर्घ स्थायी व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों के हम पक्षधर हैं। चेक गणराज्य में आयोजित अंतरराष्ट्रीय इंजीनियर शो MSV BRNO-2017 में झारखंड पैवेलियन का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ये बात कही। आज मुख्यमंत्री सहित सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री, उद्योग और वाणिज्य सी आर चैधरी ने संयुक्त रुप से भारत पैवेलियन का भी उद्घाटन किया। झारखंड पैवेलियन में विदेशी निवेशकों तथा राजनयिकों की भीड़ रही। झारखंड में आयोजित ग्लोबल इंवेस्टर्स सम्मिट की प्रशंसा करते हुए कहा कि विश्व के व्यापारिक और औद्योगिक जगत का ध्यान झारखंड की ओर गया है।
निवेशक भारत और विशेषकर झारखंड में निवेश बढाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि झारखंड की प्रगति और उत्थान में सबकी भागीदारी का स्वागत है। उच्च तकनीकी अभियंत्रण, इलेक्ट्रॉनिक्स, रासायनिक उत्पादन एवं फार्मास्यूटिकल के क्षेत्र में भी झारखंड में निवेश किया जा सकता है। मोमेंटम झारखंड में चेक गणराज्य एक पार्टनर देश रहा है। यह द्विपक्षीय संबंध भविष्य में भी जारी रहेगा। इस अवसर पर भारत के केंद्रीय राज्य मंत्री सी आर चैधरी ने भी झारखंड के उत्साहपूर्वक प्रयासों एवं परिणामों की प्रशंसा की। चेक गणराज्य के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री जिर हार्वेलिक, भारत के राजदूत कृष्ण कुमार तथा बड़ी सख्या में उद्योग एवं व्यापार जगत के लोग उपस्थित थे।